बेमेतरा। विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पंचायत देवरबीजा में भगवान विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर राज मिस्त्री कल्याण संघ द्वारा एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बेमेतरा विधायक माननीय दीपेश साहू मुख्य अतिथि एवं साजा विधायक ईश्वर साहू विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
इस अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष प्रतिनिधि बलराम पटेल, संडी सरपंच सेवा राम साहू, देवरबीजा सरपंच सहित अन्य जनप्रतिनिधि भी शामिल हुए।
विधायक दीपेश साहू ने विधि-विधान से भगवान विश्वकर्मा की पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया और क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की। कार्यक्रम में विंध्यवासिनी बालिका मानस परिवार बोड़रा की बालिकाओं ने सुमधुर सांस्कृतिक प्रस्तुति देकर वातावरण को भक्तिमय और उल्लासमय बना दिया।
अपने उद्बोधन में विधायक दीपेश साहू ने कहा कि भगवान विश्वकर्मा सृजन, परिश्रम और श्रम के प्रतीक हैं। देश के कारीगर, शिल्पकार और श्रमिक वर्ग राष्ट्र निर्माण की रीढ़ हैं। विश्वकर्मा जयंती हमें यह प्रेरणा देती है कि हम श्रम को पूजा मानकर समाज और देश की प्रगति में योगदान दें। उन्होंने कहा कि राज्य और केंद्र सरकार श्रमिकों के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं चला रही हैं, जिनसे उनके जीवन स्तर में सुधार हो रहा है।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणजन, कारीगर भाई-बहन एवं सामाजिक कार्यकर्ता शामिल हुए और आयोजन को सफल बनाया।
