भोपालपटनम@ शुक्रवार को नगर में ईद मिलादुन्नबी का पर्व पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया गया। इस वर्ष यह पर्व विशेष रहा क्योंकि यह हुजूर मोहम्मद सल्लल्लाहो अलैहि वसल्लम के 1500वें पैदाइशी साल का जश्न था। इस अवसर पर मुस्लिम समाज द्वारा एक विशाल रैली निकाली गई, जिसमें मुस्लिम नगरवासी बड़ी संख्या में शामिल हुए। रैली की शुरुआत स्थानीय मस्जिद से हुई, जहाँ लगभग 500 लोगों ने एकत्र होकर हुजूर की आमद का जश्न मनाया। हरे झंडे, बैनर और तकरीर लिखी तख्तियाँ हाथों में लिए लोग नारे तकबीर, अल्लाहु अकबर” और “हुजूर की आमद मरहबा” के नारों से नगर की फिज़ा को गूंजाते रहे। रैली नगर के मुख्य मार्गों से होते हुए विभिन्न चौक-चौराहों पर पहुँची। मुस्लिम समाज के वरिष्ठों ने कहा कि ईद मिलादुन्नबी का पर्व केवल खुशी का प्रतीक नहीं है, बल्कि यह हमें पैगम्बर की मोहब्बत, अमन और भाईचारे की शिक्षाओं को अपनाने का अवसर देता है। कार्यक्रम के दौरान पुलिस विभाग की ओर से सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। पूरे नगर में शांति और सद्भाव का वातावरण देखने को मिला। यह ऐतिहासिक रैली लंबे समय तक नगरवासियों की स्मृतियों में बनी रहेगी।