बेमेतरा (ट्रैक सीजी/हेमंत सिन्हा)।
सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और यातायात अनुशासन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बेमेतरा श्री रामकृष्ण साहू (IPS) के निर्देशन में यातायात पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान मॉडिफाई साइलेंसर लगाकर तेज रफ्तार से बुलेट चलाने वाले युवकों पर कार्रवाई की गई है।
06 नवंबर को यातायात पुलिस टीम ने चार बुलेट चालकों को पकड़कर उनके विरुद्ध चालानी कार्रवाई की। टीम ने चालकों को समझाइश दी कि वे कंपनी द्वारा लगाए गए मूल साइलेंसर का ही उपयोग करें। इसके अलावा परपोडी थाना क्षेत्र में 4 और यातायात बेमेतरा में 24 वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कुल 28 मामलों में 10 हजार रुपए समन शुल्क वसूल किया गया।
कार्यवाही के दौरान यातायात प्रभारी रक्षित निरीक्षक प्रवीण खलखो, उप निरीक्षक डी.एल. सोना, सउनि मोहन साहू सहित पुलिस टीम मौजूद रही।
यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे स्वयं एवं अपने परिजनों को यातायात नियमों के पालन हेतु प्रेरित करें। बिना हेलमेट, सीट बेल्ट के वाहन न चलाएं, नाबालिग बच्चों को वाहन न सौंपें तथा नशे की हालत में ड्राइविंग से बचें। पुलिस का यह विशेष अभियान आगे भी जारी रहेगा।
