बेमेतरा (ट्रैक सीजी/हेमंत सिन्हा)।
बेमेतरा में आयोजित राज्योत्सव समारोह के दौरान जनप्रतिनिधियों के साथ दुर्व्यवहार का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि समारोह में उपस्थित पार्षदों को कुर्सी खाली करने के लिए कहा गया, जिसके बाद उन्होंने जमकर हंगामा किया।
पार्षदों ने कलेक्टर रणबीर शर्मा के खिलाफ नारेबाजी करते हुए विरोध जताया। उनका कहना है कि कलेक्टर ने उन्हें मंच की कुर्सियों से उठाकर बाहर जाने को कहा, जो जनप्रतिनिधियों का सीधा अपमान है। पार्षदों का आरोप है कि जब अधिकारी निर्वाचित प्रतिनिधियों का सम्मान नहीं कर सकते, तो आम नागरिक की बात कैसे सुनेंगे।
यह पूरा घटनाक्रम सांसद विजय बघेल की मौजूदगी में हुआ। घटना से आक्रोशित होकर विधायक दीपेश साहू ने भी पार्षदों और कार्यकर्ताओं के साथ हुए दुर्व्यवहार का विरोध किया तथा कार्यक्रम का बहिष्कार करते हुए मंच छोड़ दिया।
इस पूरे प्रकरण का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे स्थानीय राजनीति में हलचल मच गई है।
