बेमेतरा (ट्रैक सीजी/हेमंत सिन्हा)। बेमेतरा पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर बड़ी कार्रवाई करते हुए सरिया से भरी एक पलटी ट्रक के नीचे छिपाए गए भारी मात्रा में गांजा बरामद किया। बरामद किए गए गांजे की अनुमानित कीमत करीब 09 लाख रुपए आंकी गई है।
घटना 03 दिसम्बर की है, जब सिटी कोतवाली बेमेतरा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम बैजी टोल प्लाजा के पास राष्ट्रीय राजमार्ग 30 किनारे ट्रक क्रमांक सीजी 04 एम 6804 खेत में पलटी हुई है। ट्रक में सरिया भरा हुआ था और डाला के भीतर दो पैकेट संदिग्ध अवस्था में दिखाई दे रहे थे, जबकि चालक मौके से फरार था।
सूचना पर वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। जांच के दौरान पाया गया कि सरिया के नीचे आसमानी रंग के फटे बोरे में गांजे के पैकेट छिपाए गए थे। तलाशी में कुल 83 किलो 950 ग्राम अवैध गांजा, करीब 30 लाख रुपए कीमत का क्षतिग्रस्त ट्रक, ट्रक में भरा सरिया और 3 प्लास्टिक के बोरे जप्त किए गए।
फरार चालक के खिलाफ धारा 20(ख) एनडीपीएस एक्ट और 281 बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना प्रारंभ कर दी गई है। पुलिस टीम आरोपी चालक की तलाश में जुटी हुई है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी सिटी कोतवाली निरीक्षक मयंक मिश्रा, सउनि जितेन्द्र कश्यप, प्रधान आरक्षक हेमंत साहू, आरक्षक पुरुषोत्तम कुम्भकार, इंद्रजीत पांडेय, राहुल यादव, मनीष मिश्रा सहित अन्य स्टाफ का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
