बेमेतरा/बेरला।
अघोषित बिजली कटौती और लो वोल्टेज की समस्या से परेशान किसानों ने मंगलवार को सरदा सब स्टेशन का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया। जनपद पंचायत उपाध्यक्ष शुभम वर्मा के नेतृत्व में आठ गांवों — सरदा, सिंगदेही, जामगांव, देवकी, बारगांव, पहांदा, अछोली और चेटुआ के सैकड़ों किसान प्रदर्शन में शामिल हुए।
किसानों ने चक्काजाम कर बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी की। इस दौरान तहसीलदार बेरला आशुतोष गुप्ता, थाना प्रभारी और विद्युत विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और किसानों को समझाइश दी। अधिकारियों ने समस्या समाधान का आश्वासन देते हुए किसानों से चक्काजाम समाप्त करने की अपील की।
किसानों का कहना है कि लगातार बारिश की कमी से खेतों में दरारें पड़ रही हैं और फसलें सूखने की कगार पर हैं। ऊपर से अघोषित बिजली कटौती और लो वोल्टेज की वजह से सिंचाई नहीं हो पा रही है। किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही बिजली आपूर्ति की समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वे उग्र आंदोलन करेंगे।
