बेमेतरा (ट्रैक सीजी/हेमंत सिन्हा)।
छत्तीसगढ़ रजत महोत्सव के तहत जिला मुख्यालय बेमेतरा के ऐतिहासिक बेसिक स्कूल मैदान में राज्योत्सव के दूसरे दिन सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लया। प्रदेश की लोकप्रिय लोकगायिका आरु साहू ने अपनी मधुर आवाज़ और छत्तीसगढ़ी गीतों की धुनों से ऐसा माहौल बनाया कि पूरा मैदान तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
आरु साहू ने मोला मया दे दे रे मितवा, छत्तीसगढ़ हमर मया माटी जैसे गीतों से दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। उनके साथ मंच पर लोकवाद्य और पारंपरिक नृत्य प्रस्तुत करने वाली टीम ने पूरे वातावरण को उत्सवमय बना दिया।
इस अवसर पर स्कूली बच्चों और स्थानीय कलाकारों ने भी शानदार प्रस्तुतियां दीं। सरस्वती शिशु मंदिर नवागढ़, सेजेस बेमेतरा, नांदघाट, साजा, ठेलका, सिंघौरी, हसदा, नवोदय विद्यालय सहित विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने लोकनृत्य, देशभक्ति गीत और पारंपरिक झांकी पेश कीं।
श्री सनावर खान और द्युति साहू की कथक प्रस्तुति तथा इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय खैरागढ़ की टीम की सांस्कृतिक प्रस्तुति ने शाम को और भी भव्य बना दिया।
राज्योत्सव के दौरान विभागीय स्टॉलों में विकास की झलक दिखाने वाले प्रदर्शनों को लोगों ने विशेष रुचि से देखा। आयोजन स्थल पर सुरक्षा, प्रकाश और स्वच्छता की बेहतर व्यवस्था के लिए जिला प्रशासन की सराहना की गई।
राज्योत्सव का यह दूसरा दिन बेमेतरा के लिए यादगार रहा, जिसने यह साबित किया कि छत्तीसगढ़ की माटी में संस्कृति और कला की परंपरा आज भी जीवंत है।
