बेमेतरा (ट्रैक सीजी/हेमंत सिन्हा)। छत्तीसगढ़ विधानसभा में वित्तीय वर्ष 2026-27 का 1 लाख 72 हजार करोड़ रुपए का बजट वित्त मंत्री ओपी चौधरी द्वारा प्रस्तुत किया गया। संकल्प थीम पर आधारित इस बजट में किसानों को ब्याज मुक्त ऋण, सिंचाई विस्तार, शिक्षा, विद्युत व्यवस्था, सड़क एवं सुरक्षा ढांचे तथा स्वास्थ्य क्षेत्र को मजबूत करने पर विशेष फोकस किया गया है। बेमेतरा विधानसभा क्षेत्र को इस बजट में बहुआयामी विकास की सौगात मिली है।
बजट में शिवनाथ नदी के अमोरा घाट पर लगभग 300 करोड़ रुपए से अधिक की लागत से अमोरा बैराज निर्माण को स्वीकृति दी गई है। विधायक दीपेश साहू ने कहा कि अमोरा बैराज की स्वीकृति बेमेतरा के किसानों के वर्षों पुराने सपनों को साकार करने की दिशा में निर्णायक कदम है। इससे न केवल सिंचाई की स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित होगी, बल्कि फसल उत्पादन में वृद्धि के साथ पेयजल की बेहतर उपलब्धता भी सुनिश्चित होगी। बैराज निर्माण से क्षेत्रवासियों को शुद्ध एवं मीठा पेयजल मिलेगा और क्षेत्र की कृषि अर्थव्यवस्था को नई मजबूती प्राप्त होगी।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के बेमेतरा आगमन के दौरान घोषित 6 नवीन विद्युत सब-स्टेशन को भी प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई है। इन सब-स्टेशनों के निर्माण से किसानों को कृषि पंपों के लिए नियमित बिजली आपूर्ति मिलेगी, लो-वोल्टेज और बिजली कटौती की समस्या दूर होगी तथा ग्रामीण एवं शहरी उपभोक्ताओं को सीधा लाभ मिलेगा। इससे औद्योगिक और व्यावसायिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
बजट में देवरबीजा कॉलेज के लिए नए भवन निर्माण की स्वीकृति भी प्रदान की गई है। विधायक दीपेश साहू ने कहा कि महाविद्यालय भवन केवल एक निर्माण कार्य नहीं, बल्कि क्षेत्र के बेटों और बेटियों के उज्ज्वल भविष्य की नींव है। नए भवन में आधुनिक कक्षाएं, पुस्तकालय, प्रयोगशालाएं तथा आवश्यक संसाधन उपलब्ध होंगे, जिससे छात्र-छात्राओं को अपने ही क्षेत्र में उच्च गुणवत्ता की शिक्षा प्राप्त होगी। इससे उन्हें दूर-दराज शहरों में जाने की आवश्यकता कम होगी और समय व आर्थिक संसाधनों की बचत होगी, साथ ही अभिभावकों में सुरक्षा और विश्वास की भावना मजबूत होगी।
बेमेतरा विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों में पुल-पुलिया एवं सड़क निर्माण को भी स्वीकृति मिली है। विधायक ने कहा कि यह ऐतिहासिक और बहुप्रतीक्षित सौगात है। बरसात के दिनों में जिन मार्गों पर आवागमन बाधित हो जाता था, वहां अब सुगम और सुरक्षित आवागमन संभव होगा। इससे ग्रामीणों, किसानों, विद्यार्थियों और मरीजों को सीधा लाभ मिलेगा तथा आपातकालीन सेवाएं समय पर पहुंच सकेंगी। यह निर्माण गांव और शहर के बीच मजबूत संपर्क स्थापित कर व्यापार और समग्र विकास को नई दिशा देगा।
बेमेतरा में साइबर थाना स्थापना को भी स्वीकृति प्रदान की गई है। विधायक साहू ने कहा कि डिजिटल युग में ऑनलाइन ठगी, हैकिंग और साइबर अपराध तेजी से बढ़ रहे हैं, ऐसे में स्थानीय स्तर पर त्वरित कार्रवाई संभव हो सकेगी। पीड़ितों को शिकायत दर्ज कराने और समाधान के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा, जिससे आम नागरिकों की सुरक्षा और डिजिटल विश्वास मजबूत होगा।
इसके अतिरिक्त बेमेतरा एवं बेरला क्षेत्र के विभिन्न गांवों में नवीन स्कूल भवन निर्माण को भी वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट में स्वीकृति मिली है। इससे ग्रामीण अंचलों में शिक्षा का दायरा और मजबूत होगा तथा बच्चों को अपने गांव में ही गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध हो सकेगी। विधायक दीपेश साहू ने कहा कि नए स्कूल भवनों की स्वीकृति शिक्षा क्षेत्र में ऐतिहासिक कदम है और यह बजट गांव, गरीब, किसान और विद्यार्थियों के विकास को समर्पित है।
विधायक दीपेश साहू ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय एवं वित्त मंत्री ओपी चौधरी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह बजट किसान, युवा, छात्र और आम नागरिकों के हितों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है और बेमेतरा के समग्र विकास में मील का पत्थर साबित होगा।
