नवागढ़। ग्राम नांदल में रविवार को घरेलू विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। शराब के नशे में धुत्त पति ने आक्रोश में धारदार हथियार से अपनी पत्नी की निर्मम हत्या कर दी।
जानकारी के अनुसार ग्राम नांदल निवासी राजू साहू ने अपनी पत्नी धनेश्वरी (35 वर्ष) पर सिर में धारदार हथियार से वार कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद आरोपी स्वयं थाने पहुंचा और पुलिस के समक्ष घटना की जानकारी देकर आत्मसमर्पण कर दिया।
सूचना पर पुलिस व फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। इस दौरान ग्रामीणों ने पुलिस टीम के सामने जमकर हंगामा किया। गुस्साए लोगों ने गांव में अवैध शराब की बिक्री का मुद्दा उठाते हुए कहा कि आए दिन शराब के कारण विवाद होते हैं और माहौल बिगड़ रहा है।
घटना के समय मृतका की पुत्री और सास भी मौके पर मौजूद थीं। पुलिस ने दोनों से जानकारी जुटाई है, जिसे जांच में अहम माना जा रहा है।
एसडीओपी कौशल्या साहू ने बताया कि आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मृतका का पोस्टमार्टम कराया गया है और सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच की जा रही है।
👉 पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
