बेमेतरा (ट्रैक सीजी)। पुलिस मुख्यालय रायपुर के आदेशानुसार दुर्ग रेंज के बेमेतरा जिले में आज करीब 8 लाख 20 हजार रुपये से अधिक मूल्य के मादक पदार्थ गांजा का विधिवत नष्टीकरण किया गया।
थाना सिटी कोतवाली क्षेत्र के पथर्रा स्थित बायोटेक फ्युल्स प्राइवेट लिमिटेड कंपनी परिसर में जिला स्तरीय औषधि निपटान (डिस्पोजल) समिति की देखरेख में कुल 81 किलो 932 ग्राम गांजा को जलाकर नष्ट किया गया। यह कार्रवाई एनडीपीएस एक्ट अधिनियम के प्रावधानों के तहत पर्यावरण विभाग की अनुमति प्राप्त करने के बाद की गई।
जिले के विभिन्न थाना/चौकी के 26 प्रकरणों में जब्त मादक पदार्थ को नष्ट किया गया। इसमें सिटी कोतवाली बेमेतरा से 58.641 किलो, खम्हरिया से 3.413 किलो, साजा से 2.923 किलो, परपोडी से 2.098 किलो, बेरला से 6.834 किलो, देवरबीजा चौकी से 4.452 किलो और कंडरका चौकी से 3.571 किलो गांजा शामिल रहा।
नष्टीकरण कार्यवाही में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बेमेतरा श्री रामकृष्ण साहू (भा.पु.से.), अति. पुलिस अधीक्षक ज्योति सिंह, एसडीओपी बेरला श्री विनय कुमार, जिला अबकारी अधिकारी डॉ. पलक नंद सहित पुलिस विभाग एवं बायोटेक फ्युल्स प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के पदाधिकारी तथा अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
