मां तुलडोकरी मेला में पूर्व मंत्री महेश गागड़ा ने की पूजा-अर्चना, क्षेत्र की खुशहाली की कामना*
कामकानार (गंगालूर) के ऐतिहासिक मेले में भाजपा पदाधिकारियों व श्रद्धालुओं की रही बड़ी उपस्थिति*
बीजापुर ट्रैक सीजी न्यूज जिला ब्यूरो चीफ
बीजापुर।बीजापुर जिले के प्रसिद्ध आस्था केंद्र जय मां तुलडोकरी मंदिर परिसर में आयोजित वार्षिक मेला कार्यक्रम में पूर्व मंत्री महेश गागड़ा ने सहभागिता करते हुए विधिवत पूजा-अर्चना की। यह आयोजन कभी नक्सल प्रभावित रहे कामकानार (गंगालूर) क्षेत्र में धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक एकता का प्रतीक बनकर उभरा। श्री गागड़ा ने मां तुलडोकरी से क्षेत्रवासियों की खुशहाली, समृद्धि और शांति की कामना की तथा जनकल्याण की भावना के साथ आशीर्वाद प्राप्त किया।
मेला परिसर में पहुंचने पर स्थानीय नागरिकों, जनप्रतिनिधियों एवं श्रद्धालुओं ने पूर्व मंत्री का आत्मीय स्वागत किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में भक्तगण उपस्थित रहे और सभी ने जय मां तुलडोकरी के दर्शन कर आशीर्वाद लिया। कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष श्री घासीराम नाग, भाजपा के पदाधिकारीगण, कार्यकर्तागण एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
अपने संबोधन में श्री महेश गागड़ा ने कहा कि जय मां तुलडोकरी का यह मेला क्षेत्र की संस्कृति, परंपरा और आस्था का जीवंत प्रतीक है। ऐसे धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों का संरक्षण एवं संवर्धन करना हम सभी का सामाजिक कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि अब यह क्षेत्र भय और अस्थिरता से आगे बढ़कर विकास, शांति और विश्वास के मार्ग पर अग्रसर है, जो हम सभी के लिए गर्व का विषय है।

उन्होंने क्षेत्रीय विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली, पानी जैसी बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करना प्राथमिकता है। इस दौरान उन्होंने स्थानीय नागरिकों की समस्याएं भी सुनीं और उनके त्वरित समाधान का आश्वासन दिया। मेला आयोजन श्रद्धा, सामाजिक समरसता और विकास के संदेश के साथ शांतिपूर्ण एवं भक्ति भाव से संपन्न हुआ।
