
बैतूल। लोक निर्माण विभाग (PWD) में कथित कमीशनखोरी और भ्रष्टाचार को लेकर एक बार फिर विभाग सुर्खियों में आ गया है। विभाग के इंजीनियर कर्मकार का एक कथित ऑडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वे ठेकेदारों से यह पूछते सुनाई दे रहे हैं कि “ई ई मेडम ने दो लिया या ढाई।” ऑडियो सामने आने के बाद विभागीय कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं और पूरे विभाग में हड़कंप की स्थिति बन गई है।
बताया जा रहा है कि वायरल ऑडियो में निर्माण कार्यों के भुगतान और बिल पास कराने के एवज में कमीशन को लेकर बातचीत की जा रही है। ऑडियो के वायरल होते ही ठेकेदारों और विभागीय अधिकारियों के बीच चल रही कथित लेन-देन प्रणाली को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
सूत्रों के अनुसार जिले में सड़कों, पुल-पुलिया और अन्य निर्माण कार्यों में लंबे समय से गुणवत्ता और भुगतान प्रक्रिया को लेकर शिकायतें सामने आती रही हैं। कई ठेकेदारों द्वारा अनौपचारिक रूप से यह आरोप लगाए जाते रहे हैं कि बिल भुगतान के लिए प्रतिशत तय किए जाते हैं। अब वायरल ऑडियो ने इन आरोपों को और हवा दे दी है।
मामले को गंभीर बताते हुए विधायक योगेश पंडागरे ने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि यदि ऑडियो सही पाया जाता है तो यह बेहद गंभीर मामला है और दोषियों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जनता के टैक्स के पैसों से होने वाले विकास कार्यों में भ्रष्टाचार किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
वहीं दूसरी ओर विभागीय अधिकारियों की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। हालांकि वायरल ऑडियो की सत्यता की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।
मामले के सामने आने के बाद आमला, मुलताई और बैतूल क्षेत्र में चल रहे निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और भुगतान प्रक्रिया को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। अब सभी की नजर प्रशासन और विभागीय जांच पर टिकी हुई है।